Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन: ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के नेता साउथ एवेन्यू से हिरासत में लिए गए

(फोटो सहित)

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पार्टी नेताओं के साथ हिरासत में ले लिया गया। बनर्जी ने कहा कि दिल्ली में हालात ‘‘आपातकाल से भी बदतर’’ हो गए हैं।

बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के संयुक्त सचिव डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेन, राज्यसभा सदस्य समीरुल इस्लाम, लोकसभा सदस्य प्रतिमा मंडल और पूर्व सांसद साकेत गोखले के साथ साउथ एवेन्यू में एक बस स्टॉप पर धरना दिया। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के आह्वान पर हो रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर जंतर-मंतर जाने से रोक दिया था। तृणमूल कांग्रेस का दिल्ली कार्यालय 61, साउथ एवेन्यू में है जो पार्टी नेता नदीमुल हक को आवंटित किया गया है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉजपा के आह्वान पर यहां जुटे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई के बीच बनर्जी ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि उन्हें यह सब करना चाहिए, क्योंकि इस तरह की कार्रवाई से वे प्रदर्शनकारियों को और लोकप्रिय बना रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपातकाल से भी बदतर हालात हैं। यह ‘सुपर इमरजेंसी’ है।’’

बनर्जी ने कहा, ‘‘शांति बनाए रखना और शांत रहना सबसे महत्वपूर्ण है, लेकिन आज वे जो कर रहे हैं, वह न तो देश के लिए सही है और न ही देश के लोगों के लिए।’’

तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि पुलिस द्वारा वहां से जाने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद बनर्जी और अन्य नेताओं ने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं। बनर्जी के मुंह पर बैंड-एड लगा हुआ था।

बनर्जी ने कहा कि पार्टी के नेता कॉजपा के प्रदर्शन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी गई।

बनर्जी ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘हम यहां इसलिए आए क्योंकि कॉजपा के छात्रों और युवाओं ने हमें आमंत्रित किया था। लेकिन कई नेताओं को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है और किसी को भी जंतर-मंतर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हमने महसूस किया कि छात्रों, युवा पीढ़ी, ‘इंडिया’ गठबंधन, अन्य संगठनों और इस आंदोलन में हिस्सा ले रहे देश के सभी नागरिकों के प्रति एकजुटता जताना बेहतर होगा।’’

बनर्जी ने कहा कि उनकी योजना शाम पांच बजे तक वहां धरने पर बैठने की थी, लेकिन बाद में दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम वहां जाने की कोशिश करेंगे, तो वे हमें प्रवेश नहीं करने देंगे और संभव है कि विजयन जी की तरह हमें भी गाड़ी में बैठाकर दिल्ली में इधर-उधर घुमाएं।’’ उन्होंने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का जिक्र किया, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अन्य नेताओं के साथ हिरासत में लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली है कि उन्हें करीब दो घंटे तक सड़कों पर इधर-उधर घुमाया गया। इसलिए सड़क पर बैठकर अपनी बात स्पष्ट करना बेहतर है। हमारा संदेश सरल है—भारत बचाओ और लोकतंत्र बचाओ।’’

बनर्जी ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को उनसे मिलने वाले थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद को मेरे घर आना था और उन्होंने कल रात हमें भरोसा दिलाया था कि वह आएंगे। लेकिन मुझे जानकारी मिली है कि उन्हें भी वहां से निकलने की अनुमति नहीं दी गई। यही समस्या है...लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से हिस्सा लेने की अनुमति के बजाय उन्हें रोका जा रहा है।’’

भाषा आशीष नरेश

नरेश