Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

गोरखपुर में चीनी मांझे से गला कटने पर व्यक्ति की मौत

गोरखपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शनिवार दोपहर काम पर जाते समय पतंग के चीनी मांझे से गला कटने के कारण एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना अपराह्न करीब एक बजे तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग इलाके में हाबर्ट तटबंध के पास हुई। मृतक की पहचान सूर्यकुंड निवासी रमेश कनौजिया (35) के रूप में हुई है। वह एक कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करते थे।

पुलिस ने बताया कि रमेश दुकान जा रहे थे, तभी उनका गला पतंग के तेज मांझे में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना की सूचना मिलने पर रमेश के परिजन अस्पताल पहुंचे। रमेश की शादी 10 साल पहले हुई थी। उनके परिवार में पत्नी, नौ साल की बेटी और पांच साल का बेटा है।

कोतवाली के पुलिस क्षेत्राधिकारी ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि व्यक्ति की मौत के मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत