Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

बरेली में पेड़ काटे जाने की शिकायत करने वाली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर शांतिभंग की कार्रवाई

बरेली, 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अपनी जमीन पर लगे पेड़ों को कथित तौर पर जबरन काटे जाने की शिकायत लेकर थाने पहुंची 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के खिलाफ पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देवरनिया थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव की निवासी रामा देवी के पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है। आरोप है कि गांव का ही एक युवक उनकी निजी जमीन पर लगे कीमती पेड़ों को जबरन काटकर बेच रहा है। बुजुर्ग महिला ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी।

पुलिस ने हालांकि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय बुजुर्ग महिला और आरोपी, दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई की और उन्हें नोटिस थमा दिया।

इसके बाद छड़ी और व्हीलचेयर के सहारे चलने वाली रामा देवी अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सात सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की है।

उन्होंने बताया कि समिति मामले की जमीनी हकीकत, पेड़ों की कथित अवैध कटाई के आरोपों और पुलिस द्वारा मुचलका पाबंद करने की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जांच करेगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत