Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

ओडिशा में ‘रील’ बनाने के चक्कर में 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत

भुवनेश्वर, 10 अक्टूबर (भाषा) सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में ओडिशा में 24 घंटे के भीतर अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पहली घटना बौध जिले में हुई, जहां खुर्दा-बोलांगीर रेल मार्ग पर कथित तौर पर रील बना रहे एक लड़के की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, बौंसुनी थाना क्षेत्र के तालुपाली गांव का रहने वाला लड़का शुक्रवार शाम रेलवे पटरी के पास रील बना रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस ने कहा, ‘‘लड़के के साथ इस तरह की यह दूसरी घटना थी। इससे पहले भी वह रेलवे पटरी पर एक ट्रेन के नीचे लेटकर रील बनाते हुए पकड़ा गया था। उस समय उसके परिवार के सदस्यों को इस तरह की हरकत के खतरनाक परिणामों के बारे में बताकर आगाह किया गया था। इसके बावजूद लड़का दोबारा रील बनाने के लिए रेलवे पटरी पर पहुंचा और उसकी मौत हो गई।’’

दूसरी घटना पुरी जिले की है, जहां सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय सांप पकड़ने वाले 28 वर्षीय तपन कुमार प्रधान की एक कोबरा द्वारा बार-बार काटे जाने से मौत हो गई।

प्रधान पुरी सदर थाना क्षेत्र के कंठापुर गांव में अपने घर पर रील बना रहा था तभी कोबरा ने उसे कई बार काट लिया।

प्रधान जहरीले सांपों को पकड़ने और उन्हें संभालने के वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया करते थे।

सांप पकड़ने की तकनीक सिखाने वाले प्रशिक्षक शुभेंदु मलिक ने बताया कि यह घटना शुक्रवार दोपहर उस समय हुई, जब कोबरा ने वीडियो बनाए जाते समय प्रधान की उंगलियों, कोहनी और बांह के ऊपरी हिस्से पर काट लिया।

प्रधान को पहले पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया और वहां से पुरी के जिला मुख्यालय अस्पताल स्थानांतरित किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाषा सिम्मी पवनेश

पवनेश