Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

गोरखपुर में एलपीजी सिलेंडर की जांच के दौरान आग लगने से चार लोग झुलसे

गोरखपुर (उप्र), 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला मुख्यालय के शाहपुर थाना क्षेत्र के राप्तीनगर फेज-एक में शनिवार सुबह घरेलू एलपीजी सिलेंडर की जांच के दौरान आग लगने से चार लोग झुलस गए। घायलों में एक बुजुर्ग दंपति और गैस एजेंसी का आपूर्तिकर्मी शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घायलों में से तीन को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आपूर्तिकर्मी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

शाहपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के बाद एहतियातन आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी बाहर निकल आए।

पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11 बजे एलआईजी-156 नंबर के घर में हुई। इस घर में 75 वर्षीय रंजन दास अपनी 70 वर्षीय पत्नी जया दास के साथ रहते हैं। दास ने एलपीजी सिलेंडर में आ रही समस्या की जांच के लिए गैस एजेंसी के आपूर्तिकर्मी इंद्रेश (40) को बुलाया था।

मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रेश सिलेंडर की जांच कर रहा था। गैस रिसाव का पता लगाने के लिए उसने लाइटर जलाया, तभी कमरे में जमा गैस ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने के लिए बहुत कम समय मिला।

इस घटना में रंजन दास, उनकी पत्नी जया दास और हरसेवकपुर निवासी 65 वर्षीय दशावती देवी झुलस गईं। घटना के समय दशावती देवी भी घर में मौजूद थीं। आपूर्तिकर्मी इंद्रेश के हाथ भी जल गए।

परिवार के सदस्य घायलों को अस्पताल ले गए। पुलिस को पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) के जरिए आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद शाहपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की और घायलों को उपचार उपलब्ध कराया।

गोरखनाथ के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रवि कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

भाषा नेत्रपाल रंजन

रंजन