Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

प्रियंक खरगे ने केंद्र पर राज्य सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगाया

बेंगलुरु, 10 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खरगे ने शुक्रवार को केंद्र पर केंद्रीय जांच एजेंसियों और स्टिंग ऑपरेशन के जरिये राज्य सरकार की छवि खराब करने के लिए सुनियोजित प्रयास करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि सरकार उचित समय पर संबंधित जानकारी सार्वजनिक करेगी। खरगे ने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि यदि वे स्टिंग ऑपरेशन के आरोपों की जांच चाहते हैं तो औपचारिक शिकायत दर्ज कराएं।

खरगे ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने स्पष्ट रूप से कहा है कि केंद्र सीबीआई, आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और स्टिंग ऑपरेशन के जरिये हमारी सरकार की छवि खराब करने के लिए सुनियोजित प्रयास कर रहा है।’’

पिछले सप्ताह मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मंत्रियों को स्टिंग ऑपरेशन के जरिये उन्हें फंसाने की संभावित कोशिशों के प्रति सतर्क रहने को कहा था।

बाद में शिवकुमार ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा था कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें निशाना बनाने की कोशिशें हुईं। उन्होंने दावा किया कि वह जानते हैं कि इसके पीछे कौन है।

जांच की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने सवाल किया कि कथित स्टिंग ऑपरेशन में शामिल लोग ही जांच की मांग क्यों कर रहे हैं।

उन्होंने भाजपा नेता आर. अशोक को औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की चुनौती देते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर वह जांच के आदेश देंगे।

खरगे ने कहा, ‘‘राजनीति में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है।’’

उन्होंने कहा कि वह तय करेंगे कि जानकारी कब और किसे देनी है तथा उचित समय पर प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

स्टिंग ऑपरेशन की प्रकृति समझाते हुए खरगे ने कहा कि इसमें किसी व्यक्ति को ऐसी बातें कहने के लिए प्रेरित किया जाता है, जिन्हें रिकॉर्ड करके सार्वजनिक किया जा सके।

उन्होंने ‘हनी ट्रैप’ और ‘मनी ट्रैप’ जैसी गतिविधियों का भी उल्लेख किया।

जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने पर खरगे ने सुरक्षा व्यवस्था और दंगा-रोधी उपकरणों की तैनाती को लेकर सवाल उठाए।

उन्होंने केंद्र पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘लोगों के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल कर प्रदर्शन करने से उन्हें इतना डर क्यों लगता है?’’

खरगे ने भाजपा नीत सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप भी लगाया।

यूट्यूबर ध्रुव राठी की नागरिकता को लेकर पूर्व आईपीएस अधिकारी भास्कर राव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने उनसे सबूत पेश करने को कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘रिकॉर्ड के लिए बता दूं कि भास्कर राव जो कह रहे हैं, वह गलत है।’’

पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना समेत कुछ कैदियों को बेलगावी स्थानांतरित किए जाने की खबरों पर खरगे ने कहा कि फिलहाल किसी को भी स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है।

भाषा राखी नरेश

नरेश