Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने दुनिया भर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

मुंबई, 10 अक्टूबर (भाषा) अजय देवगन की अपराध आधारित रोमांचक श्रृंखला की अंतिम कड़ी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने सिनेमाघरों में अपनी शानदार रफ्तार बरकरार रखते हुए एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। यह फिल्म वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई है।

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस श्रृंखला की तीसरी और अंतिम कड़ी दो अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसे काफी हद तक सकारात्मक समीक्षाएं मिली हैं। समीक्षकों ने इसके कलाकारों के अभिनय, रोमांच और कहानी में आने वाले अप्रत्याशित मोड़ों की विशेष रूप से सराहना की है।

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका में नजर आए हैं, जो एक बार फिर कानून के साथ आंख-मिचौली के खेल में उलझ जाता है। फिल्म ने अपनी रिलीज के पहले सप्ताहांत में शानदार शुरुआत की और महज चार दिनों में 300 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया।

निर्माताओं ने एक बयान में कहा,' ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने आधिकारिक तौर पर विश्व बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और कुल 409.43 करोड़ रुपये की कमाई की है! आठवें दिन (शुक्रवार) 24.86 करोड़ रुपये की कमाई के साथ, फिल्म की शानदार रफ्तार जारी है। फिल्म ने 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।'

अजय देवगन के अलावा तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी इस अंतिम कड़ी में अपनी पुरानी भूमिकाओं में नजर आए हैं। वहीं, जयदीप अहलावत फिल्म में नए किरदार राजवीर सिंह तोमर के रूप में नजर आए हैं। वह अपराध शाखा के उस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जो मामले की जांच कर रहा है।

भाषा

प्रचेता रंजन

रंजन