पटना, 10 अक्टूबर (भाषा) बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) पर लोगों, विशेषकर युवाओं को गुमराह करने और अपना राजनीतिक हित साधने के लिए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
राष्ट्रीय राजधानी में ट्रेन और मेट्रो सेवाएं निलंबित करने तथा अन्य सुरक्षा उपायों का बचाव करते हुए यादव ने कहा कि सरकार ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा, 'उन्हें देश या किसी खास मुद्दे की कोई चिंता नहीं है। वे सिर्फ अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने और अपने गैर-पंजीकृत संगठन को स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।'
यादव ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भी लोगों को गुमराह करने के लिए कॉजपा का इस्तेमाल एक मोहरे के तौर पर कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'हर हाल में कानून-व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ये पाबंदियां एक उचित कदम हैं।'
वहीं, बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस आरोप को खारिज किया कि सरकार डर के कारण ऐसे कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि ये कदम आंतरिक सुरक्षा चिंताओं को लेकर सतर्कता दिखाते हैं।
तिवारी ने कहा, 'यह ऐसी सरकार नहीं है, जो किसी से डरती हो। हां, यह ऐसी सरकार है, जो हमेशा सतर्क रहती है।'
उन्होंने बताया कि प्रशासन को परिवहन सेवाओं के मामले में सतर्क रहने और जरूरत के मुताबिक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सावधानी बरतने को डर के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
यात्रियों को हो रही परेशानी का जिक्र करते हुए तिवारी ने कहा कि सरकार के लिए लोगों की सुरक्षा सबसे अहम है।
उन्होंने कहा, ''राष्ट्र सबसे पहले है और हर व्यक्ति की सुरक्षा सर्वोपरि है।''
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप