Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

विदेशी ताकतों के सामने पूरी तरह 'घुटने' टेक दिए हैं केंद्र सरकार व भाजपा ने: अशोक गहलोत

जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी व केंद्र सरकार पर विदेशी ताकतों के सामने पूरी तरह 'घुटने टेकने' का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने के लिए विपक्ष को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, कोई अपराध नहीं और भाजपा आज अपने रवैये से बेनकाब हो चुकी है।

गहलोत ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे विपक्ष के सवालों का जवाब देने के बजाय निर्वाचन आयोग के वकील की तरह काम कर रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने 'एक्स' पर एक बयान में कहा,‘‘सवालों से डरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अब चुनाव आयोग का वकील बनना पड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम पहले से कहते आ रहे हैं कि भाजपा और आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते, और आज इन्होंने खुद यह साबित कर दिया।’’

भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा,‘‘विपक्ष का आंदोलन इनके लिए 'देश को अस्थिर करने की साजिश' हो गया, जबकि विपक्ष में रहते हुए भाजपा खुद सड़कों पर उतरती थी। तब कौन सी विदेशी ताकत थी, और आज कौन सी है?’’

गहलोत ने भाजपा व आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,‘‘जिन्होंने आजादी की लड़ाई में उंगली तक नहीं कटाई, वे आज लोकतंत्र की आवाज उठाने वालों को देश-विरोधी साबित करने निकले हैं। इनकी जितनी निंदा की जाए, कम है।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने तो कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली। जो व्यक्ति देश को जोड़ने की बात कर रहा है, आप उसी पर उंगली उठा रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक है।

गहलोत ने कहा, ‘‘देश ने शायद ही कभी देखा हो कि सत्ताधारी पार्टी खुद ही लोकतांत्रिक विरोध को बदनाम करके देश में तनाव बढ़ाने का काम करे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब दिल्ली को छावनी बना दिया गया है। 75 ट्रेनें रद्द हैं, 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद हैं, नई दिल्ली के बड़े हिस्से में इंटरनेट बंद है और स्कूलों की परीक्षाएं तक रद्द करनी पड़ी हैं। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री देश के सामने आकर जवाब देने से बच रहे हैं।’’

उन्होंने कहा,‘‘ ये विपक्ष के पीछे विदेशी ताकत होने का आरोप लगा रहे हैं। पर सच्चाई यह है कि केन्द्र सरकार और भाजपा विदेशी ताकतों के सामने पूरी तरह 'घुटने टेक’ चुकी है जिसका एक उदाहरण अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के बयानों और भारत पर लगाए जा रहे टैरिफ, वीजा नीतियों आदि से बार-बार दिखता है।’’

भाषा पृथ्वी नेत्रपाल नरेश

नरेश