Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

व्हाट्सऐप संदेश ‘डिलीट’ करने पर बेटी को पीटने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज

तिरुवनंतपुरम, 10 अक्टूबर (भाषा) केरलम राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने तिरुवनंतपुरम के नेय्याट्टिनकारा में मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप संदेश हटाने पर एक महिला द्वारा अपनी छह वर्षीय बेटी की कथित तौर पर पिटाई किए जाने की खबरों के आधार पर मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आयोग ने एक बयान में कहा कि उसने मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप संदेश हटाने के कारण बच्ची की मां द्वारा कथित तौर पर उसकी पिटाई किए जाने की खबरों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।

आयोग ने इस घटना के संबंध में पारस्साला थाना प्रभारी और जिला बाल संरक्षण अधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब बच्ची ने मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप ऐप कथित तौर पर ‘अनइंस्टॉल’ कर दिया था।

उन्होंने बताया कि ऐप दोबारा ‘इंस्टॉल’ करने के बाद भी व्हाट्सऐप संदेश पुन: नहीं मिल पाने पर मां को गुस्सा आ गया।

अधिकारियों ने बताया कि घायल बच्ची को बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके परिजनों ने शुरुआत में चिकित्सकों को बताया कि उसे घर में खेलते समय चोट लग गई थी।

हालांकि, बच्ची के शरीर पर चोट के निशान देखने के बाद एक चिकित्सक ने उससे अलग से बातचीत की। इस दौरान बच्ची ने कथित तौर पर बताया कि उसकी मां ने उसकी पिटाई की थी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद अस्पताल के अधिकारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने बच्ची की मां को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सिम्मी दिलीप

दिलीप