चेन्नई, 10 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को चेन्नई में छात्रों से संवाद से पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की।
गांधी संपर्क कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के हिस्सा लेने पहुंचे हैं, जहां वह छात्रों एवं युवाओं से संवाद करेंगे।
दिल्ली से चेन्नई पहुंचने के बाद राहुल गांधी समुद्र तट के पास नीलंकरई स्थित मुख्यमंत्री विजय के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच दोपहर के भोजन पर मुलाकात हुई।
टीवीके के नेतृत्व वाले ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ (एसएसजेवी) के औपचारिक नामकरण के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात है।
यह मुलाकात टीवीके के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल होने और मदुरंतकम तथा धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ दल की जीत के बाद भी अहम मानी जा रही है।
इससे पहले, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पंजीकरण कराने और क्यूआर कोड प्राप्त करने वाले लगभग 10,000 से 20,000 छात्र हिस्सा लेंगे।
टैगोर के मुताबिक, राहुल गांधी तमिलनाडु के छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इनमें राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), बेरोजगारी, महिलाओं का विषय, शिक्षा और केंद्र सरकार की शिक्षा नीति शामिल हैं।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ सीधे संवाद के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें छात्र शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विषयों पर संवाद होता है।
राहुल गांधी के कार्यक्रमों के मद्देनजर चेन्नई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश क्यूआर कोड के माध्यम से होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शहर में करीब 15,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रविवार को चेन्नई में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के मद्देनजर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
राहुल गांधी शाम के कार्यक्रम के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे चेन्नई हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे। वह रात 9.40 बजे नयी दिल्ली रवाना होंगे।
भाषा हक नेत्रपाल
नेत्रपाल