छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 10 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।
सावित्रीबाई शंकरराव दीपके ने संतुक पिंपरी गांव स्थित अपने पैतृक घर में पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे अंतिम सांस ली। वह एक महीने से बीमार थीं और उन्हें पूर्व में हिंगोली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दीपके के परिवार के लोगों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह 10 बजे किया जाएगा।
दीपके के चचेरे भाई ने कहा, ‘‘अभिजीत दीपके को राष्ट्रीय राजधानी में हिरासत में लिए जाने के कारण हम उनसे संपर्क नहीं कर पाए। हालांकि, हमने उनके माता-पिता से संपर्क किया है और वे संतुक पिंपरी पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं।’’
उन्होंने बताया कि अभिजीत दीपके ने 15 अगस्त को हिंगोली जिले से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करने के दौरान अपनी दादी से मुलाकात की थी, और इसके बाद भी वह एक बार उनसे मिले थे।
दीपके के परिवार के लोगों ने बताया कि पिछले 20-25 दिनों से वह अपनी दादी से नहीं मिले।
कॉजपा ने शनिवार को दावा किया कि उसके नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को राष्ट्रीय राजधानी में विमान के उतरते ही दिल्ली पुलिस ने विमान के अंदर से हिरासत में ले लिया।
कॉजपा के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल