Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

चंदौली में जनसेवा केंद्र के कर्मचारी से छह लाख रुपये की लूट, चार आरोपी हिरासत में

चंदौली (उप्र), 10 अक्टूबर (भाषा) चंदौली जिले में जनसेवा केंद्र के एक कर्मचारी से करीब छह लाख रुपये लूटने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नामेन्द्र रावत ने बताया कि बबुरी रोड पर जनसेवा केंद्र संचालित करने वाले बसिला गांव निवासी तंजीर अहमद (32) की तहरीर के अनुसार, वह शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक निजी कंपनी से नकदी लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे तभी बबुरी रोड के पास कार सवार हथियारबंद करीब छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।

तंजीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने असलहे के बट से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने बदमाशों का पीछा किया तो उनकी कार एक खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बदमाश कार छोड़कर लूटे गए करीब छह लाख रुपये लेकर फरार हो गए।

सीओ ने बताया कि बदमाशों की कार से मिले मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर शनिवार सुबह लूट में शामिल छह आरोपियों में से चार को पकड़ लिया गया और उनसे फरार आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने अभी आरोपियों की पहचान जारी नहीं की है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी