Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

दिल्ली में अभिजीत दीपके, कॉजपा के दो अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने शनिवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस ने उसके नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान के उतरते ही उसके अंदर से हिरासत में ले लिया।

कॉजपा के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से यहां पहुंचे थे।

कॉजपा की ओर से साझा किए गए एक वीडियो में, विमान के अंदर दाखिल हुए पुलिस अधिकारियों से दीपके यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, ‘‘पुलिस विमान से बाहर उतरने नहीं दे रही है। वे अन्य यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं। आप देख सकते हैं कि देश किस दिशा में जा रहा है। वे हमें सीधे विमान से गिरफ्तार करने के लिए यहां आए हैं। ऐसा तो इंदिरा गांधी ने भी नहीं किया था। दिल्ली पुलिस हमें गिरफ्तार करने के लिए विमान के अंदर तक घुस आई है, यह तो सरासर तानाशाही है। हम गिरफ्तार होने के लिए ही यहां आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कीजिए।'

हिरासत में लिए जाने से पहले पुलिसकर्मियों ने कॉजपा नेताओं से कहा कि उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है।

दीपके ने कहा कि कॉजपा नेताओं को ऐसे हिरासत में लिया जा रहा है, जैसे कि वे अपराधी हों।

पार्टी ने एक बयान जारी कर कथित रूप से हिरासत में लिए जाने की निंदा की। उसने दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पूर्व नियोजित कोशिश का हिस्सा है।

कॉजपा ने इस कार्रवाई को बेरोकटोक आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए तीनों नेताओं को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दीपके, दास और रांका को अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, दीपके को गुरुग्राम, रांका को दिल्ली के द्वारका और दास को दिल्ली में ही किसी अन्य स्थान पर ले जाया गया है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ‘फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं।

इसी मुद्दे को लेकर कॉजपा ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है।

भाषा खारी देवेंद्र

देवेंद्र