(शिरीष बी. प्रधान)
काठमांडू, 10 अक्टूबर (भाषा) गगन कुमार थापा को नेपाली कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है, जबकि बिश्व प्रकाश शर्मा निर्विरोध वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए हैं। इसके साथ ही पार्टी की कमान पूरी तरह से उन दो नेताओं के हाथों में आ गई है, जिन्हें कभी ‘बैलों की जोड़ी’ कहा गया था।
थापा (50) को शुक्रवार को आयोजित पार्टी के 15वें महाधिवेशन में अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान के दौरान 6,584 वोट हासिल हुए।
निर्वाचन समिति के समन्वयक प्रेम बहादुर खड़का के अनुसार, थापा के प्रतिद्वंद्वी श्याम कृष्ण खड़गी को 375 वोट मिले।
थापा के खिलाफ नामांकन दाखिल करने वाले किशोर सिंह राठौर ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के एकमात्र उम्मीदवार थे, जबकि पुष्पा भुसाल महिला उपाध्यक्ष पद की एकमात्र उम्मीदवार थीं। दोनों निर्विरोध चुने गए।
दिसंबर 2021 में, कांग्रेस के 14वें महाधिवेशन से पहले, पार्टी के दिवंगत नेता प्रदीप गिरि ने थापा और शर्मा को ‘बैलों की जोड़ी’ बताया था।
उन्होंने कहा था कि दोनों को मिलकर पार्टी को आगे ले जाना चाहिए।
चुनाव में महाधिवेशन में आए कुल 7,013 प्रतिनिधियों ने मतदान किया था। हालांकि, 54 वोट अवैध घोषित किए गए। महाधिवेशन में पार्टी की 232 सदस्यीय केंद्रीय कार्यकारी समिति का गठन किया जाएगा। भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश