अमरावती, 10 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने श्रीकाकुलम जिले में रेलवे लाइन के पास असम की एक छात्रा का शव मिलने के मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है।
शुक्रवार देर रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, हिमश्री बोरो का शव सात अक्टूबर को पेनूबार्थी गांव के पास विजयनगरम और श्रीकाकुलम रोड रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे लाइन के निकट बरामद किया गया था।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच दल के साथ घटनास्थल का दौरा किया और पूछताछ की। साक्ष्य जुटाने के लिए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम, सुराग तलाशने वाली टीम, श्वान दस्ता और ड्रोन दल ने घटनास्थल तथा रेलवे लाइन के आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया।’’
गुवाहाटी में बीबीए की पढ़ाई कर रहीं बोरो 16 अगस्त को 10 सदस्यीय दल के साथ विशाखापत्तनम पहुंची थीं। इस दल में दो पुरुष और आठ महिलाएं शामिल थीं और सभी लोग पेंडुर्ती में ठहरे हुए थे।
विज्ञप्ति के अनुसार, दल के पांच सदस्य असम लौट गए थे, जबकि पांच अन्य वहीं रुक गए थे। छह अक्टूबर को बोरो ने असम लौटने की कोशिश की, लेकिन उनकी ट्रेन छूट गई।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि वह रेलवे स्टेशन पर ही रुक गईं और रात 11 बजकर 50 मिनट पर विवेक एक्सप्रेस में सवार हुईं।
विज्ञप्ति के अनुसार टिकट की व्यवस्था में मदद के लिए उन्होंने अपनी कॉलेज की सहेली ज्योति चौधरी से संपर्क किया, जिन्होंने इस बारे में रघू इंजीनियरिंग कॉलेज में अपने सहपाठी ईश्वर को बताया।
विज्ञप्ति के मुताबिक, दूरी अधिक होने के कारण ईश्वर ने अपने मित्र अविनाश से बोरो की मदद करने का अनुरोध किया, जिसके बाद अविनाश विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन पहुंचे और उनके लिए सामान्य श्रेणी का टिकट खरीदा।
विवेक एक्सप्रेस रात करीब डेढ़ बजे स्टेशन पहुंची।
विज्ञप्ति के अनुसार, टिकट निरीक्षक ने वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के शयनयान में जगह देने के बोरो के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। वहीं, वातानुकूलित डिब्बों के दो परिचारकों ने चार हजार रुपये की मांग की।
विज्ञप्ति में कहा गया कि सात अक्टूबर को देर रात दो बजकर 39 मिनट पर बोरो जल्दबाजी में भीड़भाड़ वाली ट्रेन के एक डिब्बे में अकेले चढ़ गईं और उस समय उनके साथ कोई पुरुष साथी नहीं था।
विज्ञप्ति के अनुसार इसके बाद बोरो ने चौधरी को फोन कर शिकायत की कि कुछ लड़के उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं और कुछ देर बाद फोन कट गया।
इसमें कहा गया कि चौधरी ने तुरंत अपने सहपाठी अनूप तिवारी को इसकी सूचना दी, जिसके बाद तिवारी ने रेलवे की हेल्पलाइन 139 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञप्ति में कहा गया कि तड़के तीन बजकर 56 मिनट पर ट्रेन श्रीकाकुलम रोड स्टेशन पहुंचने पर रेलवे की सहायक उपनिरीक्षक वी. अरुणा और अन्य कर्मचारियों ने डिब्बे के आगे और पीछे के हिस्सों में तलाशी ली, लेकिन बोरो का पता नहीं चला।
शिकायत की पुष्टि के लिए पलासा रेलवे स्टेशन को सूचित करने के वास्ते रेलवे पुलिस ने दूसरे स्टेशन के लिए संदेश भी जारी किया।
विज्ञप्ति के अनुसार इसके बाद रेलवे पुलिस ने ट्रेन की तलाशी ली और एस-2 बोगी से बोरो का सामान बरामद किया।
एक सहयात्री ने दावा किया कि बोरो ‘‘चलती ट्रेन से गिर गई थीं।’’
विज्ञप्ति में बताया गया कि चिकित्सकों के एक दल ने बोरो के शव का पोस्टमार्टम किया।
मामले में साक्ष्य जुटाने और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा खारी जोहेब
जोहेब