कोझिकोड, 10 अक्टूबर (भाषा) केरलम के मरुथोंकारा में वन विभाग के अधिकारियों ने एक घर के कुएं में गिरे गौर को बचाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कुट्टिडी वन कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह मरुथोंकारा के मुल्लनकुन्नू में बिजॉय के घर के कुएं में गौर फंसा मिला।
अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों ने शुरुआत में कुएं की दीवार के एक हिस्से को तोड़कर ढलान बनाने की कोशिश की, ताकि गौर को बाहर निकल सके। हालांकि, स्थानीय निवासियों के विरोध के बाद यह प्रयास रोक दिया गया।
स्थानीय निवासियों ने चिंता जताई कि बचाए जाने के बाद गौर की वजह से उनकी जान को खतरा हो सकता है और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
विरोध के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वे गौर को बचाने और उसे जंगल में छोड़ने के लिए वैकल्पिक तरीकों को अपनाएंगे।
अधिकारी गोर को कुएं से बाहर निकालने से पहले उसे बेहोश करने के लिए बेहोशी की दवा देने पर विचार कर रहे हैं।
हालांकि, वन विभाग के पशु चिकित्सकों से परामर्श करने के बाद ही इस बारे में फैसला लिया जाएगा, क्योंकि गौर फिलहाल पानी में है और उसे बेहोश करने की दवा देने से उसकी जान को खतरा हो सकता है।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को बचाव अभियान पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाषा तान्या खारी
खारी