जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के किशनगढ़ कस्बे में महिला यातायात पुलिस अधिकारी द्वारा वकील को कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने के बाद वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया और मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
यातायात पुलिस अधिकारी और वकील में कथित तौर पर वाहन पार्क करने को लेकर बहस हुई थी।
यह घटना शुक्रवार शाम मदनगंज थाना क्षेत्र के सिटी रोड पर हुई।
वकील बाबूलाल बागरिया ने बताया कि सब्जी खरीदते समय उन्होंने अपनी गाड़ी सब्जी मंडी के निकट खड़ी की थी। उन्होंने बताया कि जब वह वापस लौटे तो यातायात वृत्ताधिकारी अंजू यादव ने उनसे उस जगह पर गाड़ी खड़ी करने के बारे में सवाल किया।
वकील के दावा किया कि उन्होंने क्षमा चाहते हुए अधिकारी को भरोसा दिलाया कि वह दोबारा वहां गाड़ी खड़ी नहीं करेंगे लेकिन अधिकारी ने कथित तौर पर उनकी गाड़ी की चाबी ले ली उन्हें ‘थप्पड़’ मारा और धमकी दी।
इस घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें महिला अधिकारी वकील को ‘थप्पड़’ मारती हुई दिख रही है।
घटना के बाद, बार एसोसिएशन के सदस्य मुख्य बाज़ार में जमा हुए और विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें अधिकारी को निलंबित करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। वकीलों ने लगभग एक घंटे तक सिटी रोड अवरुद्ध रखा, जिससे यातायात बाधित हुआ और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
सिटी सर्कल अधिकारी धर्मराज चौधरी और तीन पुलिस थानों के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। बाद में पुलिस द्वारा वकीलों को सड़क खाली करने के लिए मनाने के बाद विरोध प्रदर्शन खत्म कर दिया गया।
भाषा पृथ्वी
देवेंद्र
देवेंद्र