Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

कॉजपा के प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को कनॉट प्लेस का बाजार बंद रहेगा: एनडीटीए

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) व्यापारियों के संगठन नयी दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने कहा है कि जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को कनॉट प्लेस का बाजार बंद रहेगा।

एसोसिएशन ने जन सुरक्षा और संपत्ति को संभावित नुकसान की आशंका को इसका कारण बताया।

एनडीटीए के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने एक बयान में कहा कि जानमाल की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि सप्ताहांत में हजारों लोग कनॉट प्लेस आते हैं।

व्यापारियों के संगठन ने दावा किया कि बाजार बंद रहने से इस प्रमुख व्यावसायिक केंद्र के कारोबारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान होगा।

इसके अलावा, ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने दावा किया कि प्रस्तावित प्रदर्शन और बाजारों के बंद रहने से व्यापारियों को लगभग 2,000 करोड़ रुपये का नुकसान होगा।

लोकतंत्र में नागरिकों के विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार को स्वीकार करते हुए गुप्ता ने कहा कि प्रदर्शन के कारण जन सुरक्षा को खतरा नहीं होना चाहिए, कारोबार को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए और आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इससे शहर की रफ्तार थम सकती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ‘फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

भाषा

देवेंद्र खारी

खारी