फिरोजाबाद 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र में आंधी-तूफान के कारण एक मकान के ऊपर लगा सोलर पैनल अचानक गिर गया, जिसके नीचे दबकर एक बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जसराना थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) भगवत गुर्जर ने बताया कि थाना क्षेत्र के चनारी गांव में शुक्रवार को तेज आंधी-तूफान के दौरान एक मकान पर लगा सोलर पैनल अचानक गिर गया, जिसके नीचे दबकर कनिष्का (08) और गिरीश बाबू (45) की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में लोकेंद्र (45), उनकी पुत्री राधा (16) और पुत्र पप्पू शामिल हैं।
भाषा सं आनन्द देवेंद्र
देवेंद्र