(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, नौ अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत के बाद घोषणा की कि रूस अमेरिका को तुरंत डीजल की आपूर्ति करेगा।
यह अप्रत्याशित घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका में एक कानून के तहत रूसी तेल और गैस के प्रमुख खरीदारों पर भारी शुल्क लगाने का प्रावधान करने की कोशिश की जा रही है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने अभी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बेहद सफल बातचीत की। इस दौरान इस बात पर सहमति बनी कि रूस तुरंत अमेरिकी और वैश्विक बाजार में 3,00,000 टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा।’’
उन्होंने कहा कि रूस नवंबर में पांच लाख टन अतिरिक्त डीजल की आपूर्ति करेगा। इसके तुरंत बाद 10 लाख टन डीजल की और आपूर्ति की जाएगी।
ट्रंप ने कहा, ‘‘इसके अतिरिक्त, रूस की डीजल रिफाइनरियों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए, वह इसके बाद कम समय के भीतर 30 लाख टन डीजल ईंधन की आपूर्ति करेगा।’’
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब ईरान के साथ युद्ध के बीच अमेरिका ईंधन की ऊंची कीमतों से जूझ रहा है। यह मामला तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों में एक प्रमुख मुद्दा बन गया है।
इस बीच अमेरिका के वित्त विभाग ने कहा कि रूसी डीजल की बिक्री पर लगा प्रतिबंध अप्रैल 2027 तक के लिए हटा लिया गया है।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश