Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

राज्य, केंद्र शासित प्रदेश कॉजपा समर्थकों को दिल्ली की ओर बढ़ने से रोकें : गृह मंत्रालय का निर्देश

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है, ताकि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के खिलाफ शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजधानी में एकत्र होने से रोका जा सके।

गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि कॉजपा समर्थकों द्वारा 'सार्वजनिक शांति व व्यवस्था को बाधित करने के लिए विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से दिल्ली में अनधिकृत प्रवेश' के प्रयासों को देखते हुए उन्हें रोकने के लिए दिल्ली पुलिस के समन्वय से तुरंत निवारक कदम उठाए जाएं।

सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) को भेजे पत्र में केंद्रीय गृह सचिव ने कहा कि समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की खुफिया एजेंसियों, सीमा पारगमन अधिकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच निरंतर खुफिया जानकारी साझा की जानी चाहिए।

मंत्रालय ने कहा, 'गृह मंत्रालय कानून व्यवस्था तथा सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने को एक गैर-समझौतावादी संवैधानिक दायित्व के रूप में देखता है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपरोक्त निर्देशों का सख्ती से अनुपालन किया जाए।'

गृह सचिव ने '10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर भीड़ जुटाने की कॉजपा की प्रस्तावित योजना से उत्पन्न गंभीर कानून-व्यवस्था खतरों' की ओर ध्यान आकर्षित किया।

पत्र में यह भी कहा गया है कि कॉजपा की ओर से प्रस्तुत अनुरोध को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया गया है और प्रस्तावित सभा को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश