अहमदाबाद, नौ अक्टूबर (भाषा) गुजरात के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत अहमदाबाद में 14,000 से अधिक पुलिस और होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 4,000 सीसीटीवी कैमरे और एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) आधारित प्रणालियों की मदद ली जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नौ दिवसीय नवरात्र का त्योहार 11 से 19 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। शहर के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने संवाददाताओं को बताया कि शहर में लगभग 84 वाणिज्यिक गरबा स्थलों को अनुमति मिलने का इंतजार है, जबकि लगभग 1,300 स्थानों पर नुक्कड़ गरबा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा, 'सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगभग 4,000 कैमरों को सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष से जोड़ा गया है। हम लोगों की आवाजाही वाले विशिष्ट स्थानों, पार्टी प्लॉट और गरबा स्थलों पर कैमरे लगा रहे हैं, ताकि निगरानी रखी जा सके।'
गहलोत ने बताया कि पुलिस उपनिरीक्षक और निरीक्षक से लेकर सहायक आयुक्त, उपायुक्त और सेक्टर स्तर के अधिकारियों समेत लगभग 500 वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में शहर भर में करीब 14,000 पुलिस और होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश