गुवाहाटी, नौ अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने नगांव लोकसभा उपचुनाव में शुक्रवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को 1,42,224 मतों से पराजित किया।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी शर्मा को 7,14,349 मत मिले, जबकि बिन्नाकंडी से विधायक अजमल को 5,72,125 मत प्राप्त हुए। वहीं, पूर्व कांग्रेस विधायक शिबमोनी बोरा 1,29,492 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता इसलिए पड़ी क्योंकि कांग्रेस के प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ भाजपा का दामन थाम लिया था। वह 2019 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उन्होंने इस साल दिसपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश