पौड़ी, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शुक्रवार को तेंदुए के हमले में 48 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। अधिकारियों से यह जानकारी मिली।
अधिकारियों ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर पौड़ी-श्रीनगर मोटरमार्ग पर खंडाह के समीप तरुली गांव में शाम को हुई। उन्होंने बताया कि बीना देवी जंगल में घास लेने गई थीं और इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि देवी के साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। हालांकि, तब तक देवी की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर भय बना हुआ है।
कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। उन्होंने वन विभाग से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने संवाददाताओं को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित रेंजर और वन विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि वन विभाग की पूरी टीम मौके पर पहुंच चुकी है।
भाषा सं दीप्ति शफीक
शफीक