नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में इस साल फरवरी में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों समेत चार आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।
जांच एजेंसी के बयान के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनीर अहमद और तीन मारे गए पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ जम्मू की विशेष एनआईए अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया। मनीर अहमद जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के इंद्रवाल के अंतर्गत नायदगाम का रहने वाला है। मारे गए तीन आतंकवादियों में सैफुल्ला उर्फ सैफुल्ला कश्मीरी उर्फ अतीक नजीर उर्फ अतीक उर रहमान भी शामिल है।
यह मामला किश्तवाड़ के छत्रू स्थित वानी मोहल्ला, पासेर कोटे में 22 फरवरी को हुए आतंकवादी हमले से संबंधित है।
एनआईए ने बताया कि 535 पन्नों के आरोपपत्र में साजिश, मारे गए तीन आतंकवादियों की भूमिका और गिरफ्तार आरोपी अहमद की संलिप्तता का विवरण है। इसमें पाकिस्तानी नागरिक और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के कमांडर सैफुल्ला की भूमिका का भी जिक्र है। आरोपपत्र में मामले से जुड़े साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए हैं।
जांच एजेंसी ने कहा कि अहमद पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की संबंधित धाराओं के तहत सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमलों में शामिल आतंकवादियों को जानबूझकर शरण देने और छिपाने का आरोप लगाया गया है।
एनआईए ने कहा, ‘‘करीब पांच महीने तक चली जांच में इस मामले के तार पाकिस्तान से जुड़े पाए गए।’’
भाषा राखी अविनाश
अविनाश