नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुक्रवार को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से मुलाकात की और कहा कि पार्टी में पहले भी 'ऑल इज वेल' (सब ठीक था) और अब भी सब ठीक है।
उन्होंने 'पीटीआई भाषा' के साथ बातचीत में यह भी कहा कि उनकी पार्टी से कभी कोई नाराजगी नहीं थी।
रावत ने कहा कि उन्होंने चार अक्टूबर को ही अपनी धन्यवाद यात्रा स्थगित करने की घोषणा कर दी थी। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि कोई कार्यक्रम तय करती है, तो वह उसके तहत काम करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बात पर अफसोस जताया कि उनकी यात्रा को लेकर ऐसी धारणा बनी कि वह पार्टी के खिलाफ बगावत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनके कदम को इस नजरिये से देखा गया।
यह पूछे जाने पर कि अब अब ठीक है तो रावत का कहना था, 'पहले भी ऑल इज वेल था, हमेशा है।'
रावत ने कहा कि वह कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात का प्रयास करेंगे।
रावत ने ‘पार्टी के समांतर कार्यक्रम’ आयोजित नहीं करने की केंद्रीय नेतृत्व की हिदायत को दरकिनार करते हुए बीते सोमवार को उधमसिंह नगर जिले के जसपुर में जोर-शोर के साथ ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ निकाली थी। बाद में इस यात्रा को स्थगित कर दिया था।
भाषा हक अविनाश
अविनाश