नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार शुक्रवार रात नौ बजे से शनिवार शाम छह बजे तक बंद रहेंगे। दिल्ली मेट्रो ने एक परामर्श में यह जानकारी दी।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने संशोधित परामर्श में कहा कि प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी, हालांकि नयी दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यह सुविधा नहीं मिलेगी।
डीएमआरसी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी और उसके अनुसार आगे की जानकारी साझा की जाएगी। संशोधित परामर्श में स्टेशनों को बंद रखने संबंधी पहले जारी सूचना में आंशिक बदलाव किया गया है।
प्रभावित स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नयी दिल्ली, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।
अन्य प्रभावित स्टेशनों में दिल्ली हाट-आईएनए, हौज खास, जोर बाग, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्वविद्यालय, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, गुरु तेग बहादुर नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़ और मजलिस पार्क शामिल हैं।
सूची में सीलमपुर, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा और रिठाला स्टेशन भी शामिल हैं।
इससे पहले जारी परामर्श में 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने की जानकारी दी गई थी।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश