नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाने के लिए बड़ी संख्या में प्रपत्र दाखिल किए जाने की खबरों के बीच निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इसके लिए प्रति व्यक्ति अधिकतम 10 फॉर्म जमा करने की सीमा तय कर दी है।
निर्वाचन आयोग (ईसी) ने मतदाता सूची में नाम शामिल करने पर आपत्ति जताने या नाम हटाने की मांग के लिए किसी एक मतदाता द्वारा दाखिल किए जाने वाले 'फॉर्म 7' की संख्या सीमित कर दी है।
इस कदम का उद्देश्य बड़ी संख्या में प्राप्त हो रही बिना किसी ठोस आधार वाली आपत्तियों को हतोत्साहित करना, मतदाताओं की असुविधा को कम करना और चुनावी अधिकारियों के काम के बोझ को हल्का करना है।
कर्नाटक और ओडिशा से बड़ी संख्या में ऐसी आपत्तियां दाखिल किए जाने की रिपोर्ट मिली थीं।
दावों और आपत्तियों की अवधि के दौरान, एक व्यक्तिगत मतदाता पूरी अवधि के दौरान अधिकतम 10 'फॉर्म 7' आवेदन जमा कर सकता है।
वहीं, मतदाता सूची को अद्यतन करने की निरंतर प्रक्रिया के दौरान यह सीमा प्रति माह अधिकतम पांच आवेदन की होगी।
चुनाव निकाय ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर इस नयी प्रणाली को लागू करने के निर्देश दिए हैं।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश