जयपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में शुक्रवार को आयकर अधिकारी बनकर एक व्यापारी के घर से करीब तीन करोड़ रुपये के सोने के गहने कथित तौर पर चोरी करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सात लोगों के एक गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में दिलवाड़ा बाईपास के पास महेश विहार कॉलोनी में हुई।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र, संजय रावत, रविकांत उर्फ रवि, अमित, तारू और देवा उर्फ देवेंद्र सिंह रावत के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
इससे पहले थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी ने बताया कि गिरोह के पांच सदस्य परिवहन और मोटर पार्ट्स के कारोबारी अनिल माहेश्वरी के घर में आयकर अधिकारी बनकर तलाशी लेने के बहाने घुसे, जबकि गिरोह के बाकी सदस्य स्कॉर्पियो गाड़ी में बाहर रुके रहे।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय माहेश्वरी, उनके भाई और पिता अपने कार्यालय गए हुए थे।
पुलिस ने बताया कि घर में परिवार की महिला सदस्य, उनका बेटा कार्तिक और एक नौकर मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कमरों की तलाशी ली और लॉकर से सोने की चूड़ियों के चार जोड़े, सोने के ब्रेसलेट का एक जोड़ा, सोने का एक हार और तीन मोबाइल फोन चुरा लिए।
पुलिस ने बताया कि पूरी वारदात करीब 13 मिनट में हुई।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच में संदिग्ध गाड़ी से आते व घर में घुसते दिखाई दिए।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र