जयपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान, प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है।
शर्मा ने कहा, ‘‘हमारा प्रयास है कि राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 प्रत्येक नागरिक की शिकायत के समाधान का त्वरित माध्यम बने तथा आमजन को समयबद्ध राहत मिल सके।’’
शर्मा ने यहां शासन सचिवालय स्थित ‘राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181’ का निरीक्षण किया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने शिकायतों के विश्लेषण पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभागों को तकनीक आधारित विश्लेषण का उपयोग कर जनसमस्याओं के मूल कारणों की पहचान करनी चाहिए। इससे जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे और आमजन को राहत मिलेगी।
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक