Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

कैटरीना, कृति की ‘ट्रोलिंग’ पर मृणाल ने कहा : उनकी पसंद का सम्मान करें, योगदान को नजरअंदाज न करें

मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने हाल में सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करने वाली अभिनेत्री कैटरीना कैफ और कृति सैनन का समर्थन करते हुए कहा कि लोगों को उनकी पसंद का सम्मान करना चाहिए और फिल्म उद्योग में उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

पिछले महीने सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने बेटे विहान के जन्म के बाद कैटरीना के रूप-रंग और वजन बढ़ने को लेकर उन्हें निशाना बनाया था।

इससे पहले, एक आभूषण ब्रांड के विज्ञापन में अपने पहनावे को लेकर कृति सैनन की काफी आलोचना हुई थी।

अभिनेत्रियों के रूप-रंग और कपड़ों की सार्वजनिक रूप से की जाने वाली आलोचना के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने दोनों अभिनेत्रियों को निशाना बनाने पर नाराजगी जताई।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह उनकी जिंदगी है, उनकी पसंद है और हर किसी को अपनी जिंदगी का आनंद लेने का अधिकार है। हम कौन होते हैं इन मशहूर महिलाओं को आंकने वाले? क्या हम यह भूल जाते हैं कि इन दोनों महिलाओं ने कितना शानदार काम किया है और फिल्म उद्योग में कितना योगदान दिया है?’’

ठाकुर ने कहा, ‘‘चाहे कृति हों या कैटरीना, वे सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि ब्रिटेन और अन्य जगहों पर भी काम कर रही हैं। मुझे लगता है कि लोगों को किसी दूसरे के बारे में टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।’’

ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को हमेशा आंका जाता रहा है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पुरुषों को भी इसी तरह की आलोचना का सामना करना पड़ता है।

भाषा राखी अविनाश

अविनाश