Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

उपचुनावों में जीत पर भाजपा ने कहा, भीड़तंत्र को लोकतंत्र का करारा जवाब

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को असम एवं पश्चिम बंगाल में उपचुनावों तथा उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनावों में अपनी सफलता को ‘‘भीड़तंत्र को लोकतंत्र का करारा जवाब’’ बताया।

भाजपा ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनावों में सभी सीटों पर जीत हासिल की। पार्टी ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नंदीग्राम में रिकॉर्ड अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया और मुस्लिम बहुल रेजीनगर में भी अप्रत्याशित जीत दर्ज की।

असम में भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने नगांव लोकसभा उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर एक लाख 76 हजार 391 मतों की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस खबर को लिखे जाते समय मतगणना जारी थी।

उत्तर प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा के सभी आठ उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं, पुडुचेरी में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने छह अक्टूबर को थट्टांचावडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की। एआईएनआरसी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी पार्टी है।

एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सभी 10 उम्मीदवारों को शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ और समाजवादी पार्टी (सपा) के दो उम्मीदवार शामिल हैं।

इन चुनावों में पार्टी की सफलता की सराहना करते हुए भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘आज लोकतंत्र ने भीड़तंत्र को करारा जवाब दिया है।’’

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास और सुशासन की राजनीति’ के साथ मजबूती से खड़ी है।

नवीन ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने एक बार फिर उन लोगों को करारा जवाब दिया है, जो ‘‘नागरिकों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘जनता का विश्वास, विकास की जीत।’’

ईरानी ने पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत का श्रेय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार के ‘‘सुशासन के संकल्प’’ को दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘नंदीग्राम वामपंथी विचारधारा के कारण लोगों के खिलाफ हिंसा और औद्योगिक विकास में बाधा का ऐतिहासिक प्रतीक बन गया था।’’

ईरानी ने कहा, ‘‘लोकतंत्र ने भीड़ को एक बार फिर जोरदार संदेश दिया है।’’

भाषा रंजन पवनेश

पवनेश