नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के धावक मणिकांत होबलीधर ने पेट में खिंचाव की परेशानी के बावजूद शुक्रवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता।
मणिकांत ने 10.25 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। हालांकि वह अपने ही चैंपियनशिप रिकॉर्ड 10.19 सेकेंड को बेहतर करने से चूक गए।
सुबह के सत्र में पैदल चाल एथलीट सर्विन सेबेस्टियन को निराशा हाथ लगी। उन्होंने पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल में सबसे पहले फिनिश लाइन पार की, लेकिन तकनीकी नियमों के उल्लंघन के कारण मिले दो मिनट के दंड ने उनका स्वर्ण पदक जीतने का सपना तोड़ दिया।
इसके कारण सर्विन चौथे स्थान पर खिसक गए। उन्होंने 1 घंटा 32 मिनट 46 सेकेंड का समय दर्ज किया।
पुरुषों की 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में सूरज पवार को विजेता घोषित किया गया।
भाषा नमिता मोना
मोना