Breaking News

जम्मू कश्मीर के सोपोर में AK-47, हैंड ग्रेनेड समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद     |   मुंबई में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, अंधेरी सबवे बंद     |   यूरोप में भीषण गर्मी का कहर: फ्रांस में 1,000 से अधिक लोगों की मौत, अलर्ट जारी     |   थाईलैंड में मर्डर: सूटकेस में मिली 17 साल की थाई लड़की की लाश, ऑस्ट्रेलियाई गिरफ्तार     |   पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में बरसाए बम, 34 की मौत, 40 जख्मी     |  

आंध्र प्रदेश : फार्मा सिटी में एक कंपनी में लगी आग, दो कर्मचारियों की मौत

परावाड़ा (आंध्र प्रदेश), 23 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के फार्मा सिटी स्थित दक्षिण एनर्जी कंपनी की प्लास्टिक कचरा पुनर्चक्रण इकाई में मंगलवार को आग लगने से कम से कम दो कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कर्मचारियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

परावाड़ा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बी. मोहन राव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “अनकापल्ली जिले के फार्मा सिटी स्थित दक्षिण एनर्जी की प्लास्टिक कचरा पुनर्चक्रण इकाई में मंगलवार को आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई।”

उन्होंने बताया कि दक्षिण एनर्जी एक लघु उद्योग है, जो प्लास्टिक कचरे से पायरोलिसिस तेल तैयार करता है। इस तेल का उपयोग बायोडीजल उत्पादन में कच्चे माल के रूप में किया जाता है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कंपनी के आपरेटर वी. वेंकटेश और मैकेनिकल फिटर श्रीनाथ के रूप में हुई है। हादसे के समय दोनों रात्रि पाली में थे।

राव ने बताया कि इकाई में करीब सात कर्मचारी कार्यरत थे और वहां एक रिएक्टर संचालित होता है, जिसमें प्लास्टिक कचरे को प्रसंस्कृत करके पायरोलिसिस तेल निकाला जाता है।

उन्होंने कहा, “इस प्रक्रिया के दौरान संभवतः गैस के कारण आग भड़क गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों कर्मचारियों की मौत हो गई।”

डीएसपी ने कहा कि हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन कारखाना निरीक्षक ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश देते हुए रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, पुलिस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आग लगने की घटना के तुरंत बाद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि फार्मा सिटी से दो और परावाड़ा से एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा जिससे आग पर काबू पाया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, “नायडू ने अनकापल्ली जिले के परावाड़ा फार्मा सिटी में दक्षिण एनर्जी कंपनी में आग लगने की घटना पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने इस घटना में दो कर्मचारियों की मौत पर शोक व्यक्त किया।”

नायडू ने अधिकारियों से घटना की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें घायल कर्मचारियों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कंपनी की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

भाषा

प्रचेता अमित

अमित