नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सोमवार को सुभाष नगर इलाके में पैसिफिक मॉल के पीछे श्याम नगर जेजे कॉलोनी के पास अतिक्रमण-रोधी अभियान चलाया। आरोप है कि क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण की वजह से नाले के प्रवाह में रुकावट आ गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पश्चिमी जोन के वार्ड संख्या 97 में की गई, जो राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत जल निकासी में सुधार और सड़क को मजबूत बनाने की परियोजना अतिक्रमण के कारण लंबे समय से लंबित पड़ी थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान नाले के पास लगभग 300 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को क्षेत्रीय कर्मियों की एक संयुक्त टीम ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिलक नगर थाने की पुलिस की सहायता से यह अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों और आवश्यक मशीनरी की तैनाती की गई थी।
भाषा आशीष पारुल
पारुल