Breaking News

ईरान संग बातचीत के लिए दोहा की बैठक में अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर शामिल होंगे     |   UP: ‘सपा सरकार में मुरादाबाद उपद्रव के लिए जाना जाता था’, बोले CM योगी आदित्यनाथ     |   अल्मोड़ा: लमगड़ा में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौत, 2 लोग घायल     |   पश्चिम बंगाल: पुलिस ने कोलकाता नगर निगम के पूर्व पार्षद शम्स इकबाल को अरेस्ट किया     |   केतन अग्रवाल मर्डर केस: पुणे पुलिस ने आरोपी सिया और चेतन की 7 दिन की रिमांड मांगी     |  

क्रॉस-वोटिंग: सदानंद गौड़ा ने कहा, विधान परिषद चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व को किया था आगाह

बेंगलुरु, 22 जून (भाषा) कर्नाटक में पिछले हफ्ते हुए विधान परिषद चुनावों के दौरान विधायकों की ‘क्रॉस-वोटिंग’ के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने सोमवार को कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि चुनाव से पहले शहर की एक आलीशान इमारत में पार्टी से जुड़े कुछ लोग इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने तुरंत यह मामला पार्टी के प्रदेश महासचिव के ध्यान में लाया।

गौड़ा ने कहा, ‘‘शायद 13 जून की शाम को मेरे एक करीबी व्यक्ति ने - जो राजनीतिज्ञ नहीं है, लेकिन भाजपा और प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी का समर्थक है - मुझे फोन पर बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ भाजपा नेता और अन्य लोग शहर की एक आलीशान इमारत में विधान परिषद चुनावों पर चर्चा करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने मुझसे अनुरोध किया कि मैं उनकी पहचान उजागर न करूं और इस मामले की जांच करूं।’’

यहां संवाददाताओं से बात करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मामले की जानकारी देने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र और विपक्ष के नेता आर अशोक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

गौड़ा ने कहा, ‘‘लेकिन मैं बेचैन था और किसी तरह यह जानकारी पार्टी नेताओं तक पहुंचाना चाहता था। इसलिए मैंने पार्टी के प्रदेश महासचिव को इस मामले के बारे में बताया - जिनकी जिम्मेदारी अध्यक्ष और विपक्ष के नेता के बराबर होती है - और उनसे इस पर ध्यान देने को कहा। मैंने उनसे कहा था कि चूंकि मुख्यमंत्री बनने के बाद डीके शिवकुमार के लिए यह (चुनाव) पहली चुनौती है, इसलिए वह इसे जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।’’

उन्होंने बताया कि इसके बाद वह इस मामले पर चुप रहे।

पिछले हफ्ते विधान परिषद की सात सीट के लिए हुए चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने पांच सीट जीतीं, जबकि विपक्षी भाजपा ने दो सीट पर जीत दर्ज की।

चुनाव में भाजपा और जद(एस) के कुछ विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में वोट दिया था।

भाषा सुभाष पारुल

पारुल