पुणे, 13 मई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने बुधवार को दावा किया कि वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और राकांपा के प्रतिद्वंद्वी गुट के 22 विधायक अगला चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ेंगे।
हालांकि राकांपा के एक प्रवक्ता ने इस दावे को खारिज कर दिया और कहा कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी एकजुट है।
पवार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान राकांपा में तटकरे और पटेल के दर्जे के बारे में पूछे जाने पर कहा, “चाहे कुछ भी हो जाए, वे भाजपा से ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने फैसला कर लिया है और बाकी 22 विधायक भी। उनके साथ, एकनाथ शिंदे के कुछ विधायकों ने भी मन बना लिया है कि वे (भाजपा में) शामिल हो जाएंगे।”
पवार के बयान के बारे में प्रतिक्रिया मांगे जाने पर राकांपा के प्रवक्ता आनंद परांजपे ने कहा कि रोहित पवार सिर्फ सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “राकांपा सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है। सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल पार्टी के बड़े नेता हैं। पार्टी में किसी तरह की नाराजगी नहीं है।”
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश