Breaking News

धार भोजशाला मामले में हाई कोर्ट के आदेश पर ASI का बड़ा फैसला: अब सालभर पूजा कर सकेंगे हिंदू     |   केंद्रीय मंत्री बंदी संजय के बेटे भगीरथ ने POCSO मामले में सरेंडर किया     |   रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूएई के राष्ट्रपति से की फोन पर बात     |   दिल्ली सरकार ने ATF पर VAT 25% से घटाकर 7% किया, एयरलाइंस और यात्रियों को मिलेगी राहत     |   NEET पेपर लीक केस: पीवी कुलकर्णी और मनीषा वाघमारे 10 दिन की CBI कस्टडी में भेजे गए     |  

नासिक में कुंभ मेले के लिए 33,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू: फडणवीस

नासिक (महाराष्ट्र), सात मई (भाषा) नासिक में भव्य सिंहस्थ कुंभ मेला आयोजित किए जाने के मद्देनजर 33,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

मेले का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 से 24 जुलाई 2028 तक किया जाएगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘‘ सिंहस्थ कुंभ मेले के अनुरूप, धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व वाला नासिक जिला आने वाले समय में विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां औद्योगिक विकास को क्षमता और सुविधाओं के माध्यम से वास्तविक मजबूती मिलेगी तथा निवेश के जरिये रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।’’

फडणवीस ने उत्तर महाराष्ट्र के इस शहर में बुधवार को आयोजित ‘कुंभ उद्योग संगम और नासिक निवेश शिखर सम्मेलन 2026’ के समापन समारोह को संबोधित करते समय यह बात कही।

अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर 300 से अधिक उद्योगपतियों के साथ 13,190 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए जिनसे लगभग 32,000 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

फडणवीस ने कहा कि नासिक विकास की अपार संभावनाओं वाला शहर है और निवेश आकर्षित करने के लिए ‘‘कुंभ उद्योग संगम’’ एक अच्छी पहल है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम पिछले तीन वर्षों से जिला-केंद्रित निवेश सम्मेलन आयोजित कर रहे हैं। अब तक नासिक जिले में कुल 31,945 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इससे 66,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।’’

मुख्यमंत्री ने साथ ही कहा कि राज्य सरकार ने कुंभ मेले के लिए 33,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की हैं..।

गौरतलब है कि सिंहस्थ कुंभ मेला 31 अक्टूबर, 2026 को त्र्यंबकेश्वर (नासिक शहर के पास) के साथ-साथ रामकुंड और पंचवटी में 'ध्वजारोहण' के साथ शुरू होगा और 24 जुलाई, 2028 तक चलेगा।

भाषा निहारिका

निहारिका