Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

यूपी में ‘नौतपा’ का आगाज़, आसमान से बरसेगी आग, 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में 25 मई से शुरू हुए ‘नौतपा’ के साथ ही भीषण गर्मी और लू का प्रकोप तेज हो गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 2 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा और लोगों को लू के थपेड़ों से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 9 दिनों तक गर्मी और अधिक तीखी हो सकती है। प्रदेश के 10 जिलों में लू और अत्यधिक गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

इन जिलों में रेड अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और भदोही समेत आसपास के क्षेत्रों में भीषण लू और अत्यधिक गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान बांदा में दर्ज किया गया, जहां पारा 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर और उरई में 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। आगरा में भी तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

सर्वाधिक तापमान वाले जिले:

  • बांदा – 46.8°C
  • प्रयागराज – 45.6°C
  • झांसी – 45.6°C
  • हमीरपुर – 45.6°C
  • उरई – 45.6°C
  • आगरा – 45.4°C

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है, ताकि लू से प्रभावित लोगों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।