Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

रथ की हत्या सुनियोजित साजिश, हमला करने से पहले हमलावरों ने रेकी की थी: शुभेंदु

कोलकाता, सात मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को ‘‘सुनियोजित साजिश’’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हमलावरों ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में इस हमले को अंजाम देने से पहले रेकी की थी।

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई इस चौंकाने वाली घटना में अधिकारी के निजी सहायक रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास रथ के वाहन को रोका, उसे रुकने के लिए मजबूर किया और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए।

रथ को हमले के बाद जिस अस्पताल में ले जाया गया, अधिकारी ने उसके बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह घटना ‘‘हृदय विदारक’’ है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘यह घटना हृदय विदारक है। हम इसकी निंदा करते हैं।’’

अधिकारी ने इसे ‘‘सुनियोजित साजिश’’ करार देते हुए कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धनाथ गुप्ता ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने गोलीबारी से पहले रेकी की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से हमले को अंजाम दिया गया, उससे साफ संकेत मिलता है कि हमलावरों ने पहले रेकी की थी।’’

अधिकारी ने हालांकि, हमले के पीछे किसी संगठन का सीधे तौर पर नाम लेने से परहेज किया और भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहते, क्योंकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी से अपील करेंगे कि कानून अपने हाथ में न लें।’’

भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं जारी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम यहां थे, तब बसीरहाट में हमारे एक कार्यकर्ता को गोली मारी गई और बारानगर इलाके में एक अन्य कार्यकर्ता को चाकू मारा गया।’’

अधिकारी ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से बात की है।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना