Breaking News

कांग्रेस को पूर्व मुख्यालय 24 अकबर रोड खाली करने का फाइनल नोटिस     |   इजरायल पर ईरान का बड़ा हमला, तेल अवीव समेत कई शहरों पर मिसाइल-ड्रोन स्ट्राइक     |   आम आदमी पार्टी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और उनके तीन साथी गिरफ्तार     |   अमेरिका-इजरायल से जंग के बीच ईरान की पहल, पड़ोसी देशों को दिया सैन्य गठबंधन का न्योता     |   मिडिल-ईस्ट जंग से ग्लोबल ऑयल रिस्क बढ़ा, फिलीपींस ने किया इमरजेंसी का ऐलान     |  

इंदौर अग्निकांड : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सभी आठ लोगों की मौत जलने और दम घुटने से होने की पुष्टि

इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 मार्च (भाषा) इंदौर में तीन मंजिला घर में भीषण आग लगने से जान गंवाने वाले आठ लोगों के शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि उनकी मौत जलने और दम घुटने के कारण हुई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अग्निकांड के बाद मृतकों के परिजन ने बचाव कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए घर में करंट फैलने की आशंका जताई थी। हालांकि, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से इस बात को खारिज किया है।

पुलिस ने बताया कि शहर की ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में कारोबारी मनोज पुगलिया के घर में 18 मार्च तड़के चार बजे के आस-पास लगी आग में पुगलिया, उनकी बहू सिमरन और उनके छह अन्य करीबी रिश्तेदारों की मौत हो गई थी। इनमें दो बच्चे भी शामिल थे।

तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि अग्निकांड में मारे गए आठ लोगों के शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है।

उन्होंने बताया, ‘‘इस रिपोर्ट में कहा गया है कि सभी आठ लोगों की मौत जलने और दम घुटने के मिले-जुले परिणाम से हुई है।’’

थाना प्रभारी ने बताया कि अग्निकांड के दौरान छह वर्षीय बालक की अपेक्षाकृत ज्यादा जलने के कारण मौत हो गई थी और उसके अंग क्षत-विक्षत अवस्था में मिले थे।

लोधा ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इन अंगों का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।

भाषा हर्ष शोभना खारी

खारी