Breaking News

रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |   मिडिल ईस्ट जंग: पाकिस्तान का सीजफायर प्लान ईरान ने किया खारिज     |   J-K: सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिया पकड़ा गया     |   पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है: पेट्रोलियम मंत्रालय     |   सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, सर गंगाराम हॉस्पिटल में चल रहा इलाज     |  

राजस्थान : थानाधिकारी और कांस्टेबल रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार

जयपुर, 22 मार्च (भाषा) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने उदयपुर जिले के मांडवा पुलिस थाना के थानाधिकारी और कांस्टेबल को कथित तौर पर आठ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के मुताबिक उदयपुर की एसीबी इंटेलिजेंस इकाई को शिकायत मिली थी कि मांडवा थाने में दर्ज प्रकरण में चार लोगों के नाम नहीं जोड़ने के एवज में थानाधिकारी और कांस्टेबल ने 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी है।

उन्होंने बताया कि शिकायत के सत्यापन के दौरान 21 मार्च को पुष्टि हुई कि प्रत्येक आरोपी के लिए पांच-पांच लाख रुपये यानी कुल 20 लाख रुपये की मांग की गई है।

गुप्ता ने बताया कि बाद में आरोपी आठ लाख रुपये लेकर मामले को निपटाने पर सहमत हुए। उन्होंने बताया कि एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर मांडवा के थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भल्लाराम पटेल को आठ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि जब्त राशि में एक लाख रुपये के असली नोट और सात लाख रुपये ‘डमी’ नोट शामिल हैं।

गुप्ता ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।

भाषा बाकोलिया धीरज

धीरज