Breaking News

रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |   मिडिल ईस्ट जंग: पाकिस्तान का सीजफायर प्लान ईरान ने किया खारिज     |   J-K: सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिया पकड़ा गया     |   पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है: पेट्रोलियम मंत्रालय     |   सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, सर गंगाराम हॉस्पिटल में चल रहा इलाज     |  

निर्वाचन आयोग ने चुनाव से पहले बंगाल में निगरानी बढ़ाई

कोलकाता, 22 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग के चुनावी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी बढ़ाए जाने के मद्देनजर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने रविवार से राज्य भर के थानों का दौरा शुरू कर दिया।

वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान थाना प्रभारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपायों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुरूप आगामी चुनाव से पहले कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों ने थानों का दौरा शुरू कर दिया है।

उन्होंने बताया, “वरिष्ठ अधिकारियों को जमीनी स्तर पर आकलन करने और स्थानीय पुलिस इकाइयों को मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।”

अधिकारी ने बताया, “पुलिस अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की जाती है कि वे भय और हिंसा से मुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए कड़ा संदेश दें। हमारा ध्यान मतदाताओं में विश्वास जगाने और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने पर है।”

इस प्रक्रिया के तहत, कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने भांगर थाने का दौरा किया और संभाग के अधिकारियों के साथ बैठकें कीं, जिसमें उन्होंने उन्हें आयोग के दिशानिर्देशों के बारे में जानकारी दी।

नंद ने बताया, “सभी अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। मतदाताओं को बिना किसी डर के अपना वोट डालने में सक्षम होना चाहिए। यही हमारा मुख्य उद्देश्य है।”

उन्होंने बताया कि विश्वास बढ़ाने और सुरक्षा के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने संवेदनशील क्षेत्रों, बस्तियों व व्यक्तियों की पहचान करने और उनसे संपर्क करने जैसे कई कदम उठाए हैं।”

प्रेसिडेंसी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक कंकर प्रसाद बरुई ने नरेंद्रपुर, सोनारपुर और बरुईपुर थानों का दौरा किया तथा विशेष रूप से कोलकाता के निकट ग्रामीण बूथों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बरुई ने बताया, “चुनाव की घोषणा के बाद हमने तैयारियों की समीक्षा की है। सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपायों पर भी चर्चा हुई। हर पहलू की जांच की गई है।”

उन्होंने बताया कि सभी कर्मियों को चुनाव ड्यूटी के लिए तैयार रहना चाहिए।

अधिकारी ने बताया, “उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हों।”

आयोग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में केंद्रीय बलों की लगभग 480 कंपनियां पहले ही तैनात की जा चुकी हैं और विधानसभा चुनावों के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के संबंध में अन्य कंपनियों के चरणबद्ध तरीके से पहुंचने की उम्मीद है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीट के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को होना है जबकि मतगणना चार मई को होगी।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश