सोकोतो (नाइजीरिया), चार फरवरी (एपी) पश्चिमी नाइजीरिया के दो गांवों पर हथियारबंद चरमपंथियों ने हमला कर कम से कम 162 लोगों की हत्या कर दी। एक सांसद ने बुधवार को यह जानकारी दी।
हालिया महीनों में हुए हमलों में यह सबसे बर्बर हमला है।
स्थानीय सांसद मोहम्मद उमर ने कहा कि मंगलवार शाम क्वारा राज्य के वोरो और नुकु गांवों पर हमला किया गया।
उन्होंने कहा कि ये हमले ‘लकुरावा’ नामक संगठन ने किये, जो आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ा एक हथियारबंद समूह है।
वैसे किसी ने भी इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
क्वारा प्रांत में रेड क्रॉस के सचिव अयोदेजी इमैनुअल बाबाओमो ने कहा कि संगठन उन समुदायों तक पहुंचने में असमर्थ रहा है जहां ‘कई लोग मारे गए’ क्योंकि वे एक दूरदूराज के क्षेत्र में हैं ।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र प्रांत की राजधानी से लगभग आठ घंटे की दूरी पर और नाइजीरिया की बेनिन के साथ सीमा के निकट है।
स्थानीय टेलीविजन पर प्रसारित इस हिंसक घटना के वीडियो में जमीन पर खून से लथपथ शव तथा जलते हुए घर नजर आ रहे हैं।
प्रांत के गवर्नर अब्दुल रहमान अब्दुल रजाक ने इस हिंसा की निंदा की है।
मंगलवार को एक अन्य घटना में काटसिना प्रांत के डोमा गांव में अज्ञात बंदूकधारियों ने कम से कम 13 लोगों को मार डाला। पुलिस प्रवक्ता अबुबकर सादिक अलियू ने यह जानकारीदी।
किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली।
एपी राजकुमार संतोष
संतोष