जयपुर, चार फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक समझौते से पूरे देश के साथ-साथ राजस्थान के लिए भी असीमित संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
शर्मा ने यहां एक बयान में कहा कि अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर शुल्क दर (टैरिफ) को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है जो निर्यात क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी।
उन्होंने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं मिलकर काम करती हैं, तो दोनों देशों के लोगों को लाभ होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समझौते के माध्यम से प्रधानमंत्री के 'मेक इन इंडिया' और आत्मनिर्भर भारत के 'विजन' को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है तथा उनके नेतृत्व में भारत ने पिछले छह साल में नौ व्यापारिक समझौते किए हैं।
शर्मा ने कहा कि पूरा विश्व भारत की क्षमता का लौहा मान रहा है एवं वैश्विक स्तर पर भारत की साख बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान देश का अग्रणी निर्यातक राज्य है तथा इस समझौते से भीलवाड़ा, पाली, बालोतरा, जयपुर जैसे वस्त्र निर्माण के केंद्र अमेरिकी बाजार तक पहुंच बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि जब हमारे उद्योग समृद्ध होंगे और निर्यात बढ़ेगा तो रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में हस्तशिल्प और हथकरघा उद्योग को भी इससे नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने कहा,‘‘राज्य के व्यापारियों को अमेरिकी बाजार में बेहतर प्रतिस्पर्धा का मौका मिलेगा। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए यह वरदान है। राजस्थान में लाखों एमएसएमई इकाइयां हैं जो रोजगार का सबसे बड़ा स्रोत हैं।’’
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार