बिलासपुर, चार फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 22 वर्षीय युवती को अपने दोस्त (बॉयफ्रेन्ड) की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि दोस्त ने महिला का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था और उसके संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया था जिसके कारण उसने उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी।
सिविल लाइंस पुलिस थाने के प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह पीड़ित कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) के किराए के मकान में हुई।
आरोपी महिला की पहचान रोशनी सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जो जिले के सिपट क्षेत्र के झालमाला गांव की रहने वाली है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, कामता जिले के रतनपुर क्षेत्र के कर्रा गांव का निवासी है और मंगला चौक के पास एक रेस्तरां में वेटर का काम करता था। वह शुभम विहार में दो अन्य लोगों के साथ किराए के मकान में रहता था।
कुछ समय पहले कामता की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए होटल में काम करने वाली रोशनी से हुई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों नियमित रूप से मिलने लगे थे। लेकिन कुछ दिन पहले कामता ने रोशनी का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और इंस्टाग्राम पर उसके संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया।
रोशनी को शक था कि कामता का किसी दूसरी महिला से संबंध है, इसलिए वह मंगलवार तड़के करीब 11 बजे उसके घर पहुंची जिसके बाद दोनों के बीच झड़प हो गई।
अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच हाथापाई हुई और रोशनी ने सब्जी काटने वाले चाकू से कामता के सीने पर कथित तौर पर वार कर दिया।
घटना के समय कामता के साथ रहने वाल लड़के वहीं मौजूद थे। अस्पताल में भर्ती कराए जाने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष