नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार को दावा किया कि नेहरू-गांधी परिवार की कथित ‘धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और अनैतिक संबंधों’ को उजागर करने वाली कम से कम 150 पुस्तकें मौजूद हैं।
इनमें से कुछ पुस्तकों का संक्षिप्त विवरण साझा करते हुए, दुबे ने लोकसभा में इन किताबों पर चर्चा कराने की मांग की। इनमें कुछ प्रतिबंधित किताबें भी शामिल हैं,
उन्होंने यह बात ऐसे समय कही है, जब कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक को लेकर संसद में पिछले तीन दिनों से हंगामा कर रहे हैं।
दुबे ने संसद भवन परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मैं लोकसभा अध्यक्ष (ओम बिरला) से आग्रह करता हूं कि इन प्रकाशित पुस्तकों पर चर्चा की अनुमति दी जाए, जिनमें 2014 से पहले क्या हुआ और उससे देश को कैसे नुकसान पहुंचा, इसका विवरण है। देश के एक बड़े वर्ग को इन पुस्तकों की जानकारी नहीं है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि इन पुस्तकों में नेहरू-गांधी परिवार की कथित धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और अनैतिक संबंधों का इतिहास दर्ज है, जिससे देश को नुकसान हुआ।
भाषा राखी रमण
रमण