Breaking News

J-K: किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़, जैश का एक आतंकी ढेर     |   जम्मू में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा का राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन     |   लोकसभा में नहीं हुआ पीएम मोदी का संबोधन, हंगामे के बीच कार्यवाही फिर स्थगित     |   पीएम मोदी आज शाम 5 बजे संसद को करेंगे संबोधित     |   काठमांडू-इस्तांबुल फ्लाइट की कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग     |  

रोहिणी पूर्व मेट्रो स्टेशन पर अंतर्वस्त्र उपलब्ध कराने वाली वेंडिंग मशीन ने लोगों को आकर्षित किया

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) दिल्ली के रोहिणी पूर्व मेट्रो स्टेशन पर अंतर्वस्त्र उपलब्ध कराने वाली एक वेंडिंग मशीन का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने यात्रियों का ध्यान आकर्षित किया है। कई यात्रियों ने इसे रोजाना सफर करने वालों के लिए एक व्यावहारिक और समयानुकूल पहल बताया है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के एक अधिकारी ने बताया कि बीते कुछ महीनों में मेट्रो नेटवर्क के कई स्टेशनों पर यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भोजन और गैर-भोजन संबंधी वस्तुएं उपलब्ध कराने वाली वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, “पूरे मेट्रो नेटवर्क में अलग-अलग तरह की वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। कुछ मशीनें स्नैक्स और पेय पदार्थ उपलब्ध कराती हैं, जबकि कुछ में अंतर्वस्त्र, सौंदर्य प्रसाधन और पीने का पानी जैसे आवश्यक सामान मिलते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान जरूरी वस्तुएं आसानी से उपलब्ध कराना है।”

सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ताओं ने इस पहल का स्वागत किया और महिलाओं के लिए इसकी उपयोगिता को रेखांकित किया।

एक उपयोगकर्ता ने वीडियो पर टिप्पणी करते हुए लिखा, “यह वास्तव में एक बहुत ही सोच-समझकर दी गई सुविधा है। माहवारी के दौरान दाग लगने या अचानक परेशानी के उत्पन्न होने की स्थिति में भी घबराने जैसी बात नहीं रहेगी। इससे यात्रा के दौरान आराम और सुविधा का एहसास होता है।”

कुछ लोगों ने मशीनों में उपलब्ध उत्पादों की संख्या बढ़ाने का सुझाव भी दिया। एक अन्य उपयोगकर्ता ने लिखा, “अगर इनमें स्टेशनरी, सिलाई किट, ‘टिश्यू पेपर’, सैनिटाइजर और बच्चों के लिए छोटे आकार के आर्ट की आपूर्ति को जोड़ दिए जाए तो और बेहतर होगा। कई बार लोग यात्रा के दौरान ही महसूस करते हैं कि उन्हें इन चीजों की जरूरत है।”

मेट्रो यात्री जय ने कहा, “आज कल लोगों के पास दुकानों पर रुकने का समय नहीं होता। मेट्रो और बसों की अच्छी कनेक्टिविटी के बीच, ये मशीनें किसी को भी तुरंत जरूरी सामान लेने में काफी मददगार साबित हो सकती हैं।”

डीएमआरसी ने बताया कि यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से मेट्रो नेटवर्क में वेंडिंग सुविधाएं शुरू की जा रही हैं।

भाषा राखी संतोष

संतोष