गुवाहाटी, चार फरवरी (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके परिवार ने पूरे राज्य में लगभग 12,000 बीघा (3,960 एकड़ से अधिक) जमीन पर कब्जा किया हुआ है।
गोगोई ने यहां प्रेसवार्ता में यह भी दावा किया कि शर्मा ने इसी भूमि घोटाले को “छिपाने” के लिए उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का मुद्दा उठाया था।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने जांच की है और इससे कुछ चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने पूरे असम में लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया हुआ है। यह आंकड़ा अंतिम नहीं है, क्योंकि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में यह बढ़ सकता है।”
इन आरोपों का जवाब देते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता रंजीब कुमार शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि गोगोई के दावों में कोई सच्चाई नहीं है।
उन्होंने कहा, “उनके इस बयान में क्या सच्चाई है? क्या इतनी बड़ी जमीन रखना संभव है, जबकि भारतीय कानूनों के अनुसार कोई भी व्यक्ति 50 बीघा से अधिक जमीन नहीं रख सकता? यह जमीन सीमा अधिनियम के कारण संभव नहीं है। इसका मतलब है कि गौरव गोगोई को कानूनों की जानकारी नहीं है।’’
उन्होंने कहा,‘‘अगर गौरव गोगोई के पास कोई जानकारी है, तो उन्हें अदालत जाना चाहिए, जैसा कि लोग रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ अदालत गए थे। बोफोर्स से लेकर वाड्रा मामलों तक, कई मुद्दों पर लोगों ने अदालतों का दरवाजा खटखटाया है। अगर आपके पास दस्तावेज हैं, तो उन्हें उजागर करने के लिए अदालत से संपर्क करें।'
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ हमारी न्यायिक प्रणाली भ्रष्टाचार को उजागर करने का मंच प्रदान करती है। गौरव गोगोई ऐसा इसलिए नहीं कर रहे हैं क्योंकि आरोप झूठे हैं। वह केवल अपने निराधार आरोपों से सनसनी पैदा करना चाहते हैं, और कुछ नहीं।’’
हेमंत विश्व शर्मा द्वारा हाल ही में उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का जिक्र करने पर गोगोई ने कहा, “उन्होंने यह पिछले साल 10 सितंबर को क्यों नहीं किया? वह इन पांच महीनों से सो रहे थे और अचानक उन्हें मेरे पाकिस्तानी संबंधों की याद आ गई।”
मुख्यमंत्री ने पहले भी घोषणा की थी कि वह 10 सितंबर 2025 तक गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों से जुड़े सभी सबूत सार्वजनिक करेंगे।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने कहा, “उन्हें पता है कि हम उनके और उनके परिवार के भ्रष्टाचार एवं भूमि हड़पने के मामलों की फाइल तैयार कर रहे हैं। इसलिए उन्होंने यह मुद्दा फिर से उठाया। मैंने पहले कहा था कि यह ‘फ्लॉप शो’ होगा; मैं फिर से कह रहा हूं कि यह ‘फ्लॉप शो’ ही होगा।”
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष